बाबा केदार के दर्शन को पहुंच रहे श्रद्धालुओं को दोपहर डेढ़ बजे के बाद गौरीकुंड से पैदल मार्ग पर जाने की अनुमति नहीं होगी। केदारनाथ में दर्शन कर लौटने वाले भक्त भी शाम पांच बजे के बाद पैदल मार्ग से नीचे नहीं आएंगे। डीएम ने पुलिस और सेक्टर मजिस्ट्रेट को इस संबंध में जरूरी निर्देश दिए हैं।
यात्रियों की सुरक्षा और केदारघाटी में मौसम के मिजाज को देखते हुए प्रशासन ने पैदल मार्ग पर यात्रा संचालन का समय निर्धारित कर दिया है। यात्रियों को किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन पूरे एहतियात बरत रहा है। इसी के तहत सोनप्रयाग से दोपहर एक बजे बाद और गौरीकुंड से डेढ़ बजे बाद यात्रियों को केदारनाथ के लिए नहीं छोड़ा जाएगा।
वहीं, मार्ग से शाम पांच बजे तक भीमबली और शाम छह बजेे तक लिनचोली पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को भी आगे नहीं जाने दिया जाएगा। केदारनाथ से भी श्रद्धालुओं के लिए वापसी का समय निर्धारित किया गया है। शाम पांच बजे बाद धाम, लिनचोली और 6.30 बजे बाद भीमबली से पैदल मार्ग से श्रद्धालुओं की वापसी नहीं होगी। जिलाधिकारी रंजना ने बताया कि सुरक्षित यात्रा को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इस संबंध में पुलिस और सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट को भी निर्देशित कर दिया गया है।