हरिद्वार हाईवे पर एक फार्मासिस्ट को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। फार्मासिस्ट की मौके पर ही मौत हो गई। उसका स्कूटर सड़क किनारे खड़ा मिला। बताया जा रहा है कि हादसा सड़क पार करते समय हुआ। कुचलने वाले वाहन का अभी पता नहीं चल सका है।
हादसा हरिद्वार हाईवे स्थित फ्लाईओवर के पास हुआ। इंस्पेक्टर नेहरू कॉलोनी राकेश गुसाईं ने बताया कि सोमवार देर रात हादसे की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर जाकर देखा तो एक युवक का शव क्षत-विक्षत हालत में पड़ा मिला। मौके पर एंबुलेंस को बुलाकर शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया। उसकी जेब से मिले दस्तावेजों के आधार पर युवक की शिनाख्त अजय शुक्ला निवासी ग्राम शुभदनी, नाग जगाई, गुप्तकाशी, रुद्रप्रयाग के रूप में हुई। अजय के मोबाइल से उसके बड़े भाई का फोन नंबर भी मिल गया, जिसे तत्काल सूचना दे दी गई। अजय जौनसार बावर क्षेत्र में एक सरकारी अस्पताल में फार्मासिस्ट था।
सोमवार को वह अवकाश पर था। रात करीब 11 बजे वह अपने घर मियांवाला जा रहा था। रास्ते में उसने आईआईपी के सामने स्कूटर खड़ा किया और पैदल सड़क पार करने लगा। इसी बीच उसे किसी वाहन ने कुचल दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। गुप्तकाशी से परिजनों के आने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर उन्हें को सौंप दिया गया।
----
आसपास की दुकानों के कैमरों से चलेगा पता
टक्कर मारने वाले वाहन का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस के अनुसार इसके लिए आसपास की दुकानों के कैमरे चेक किए जा रहे हैं। मंगलवार देर शाम तक वाहन का पता नहीं चल पाया था। इधर, गमगीन परिवार के लोगों ने भी पुलिस को ज्यादा जानकारी नहीं दी है। पुलिस के अनुसार उनकी ओर से कोई तहरीर भी नहीं दी गई है। संभवत: परिजन बुधवार को तहरीर दे सकते हैं।