देहरादून के कारगी चौक स्थित शहीद मेजर गुरुंग पेट्रोल पंप में तेल उतारने के दौरान टैंकर में आग लगने से अफरातफरी मच गई।
साहस दिखाते हुए चालक जल रहे टैंकर को पंप से लेकर भागा और बाहर सड़क पर खड़ा कर दिया। इस वजह से बड़ा हादसा टल गया। यदि टैंकर पंप पर ही खड़ा रहता तो आग भयंकर रूप धारण कर सकती थी।
पौन घंटे में बुझी आग
पेट्रोल पंप और फायर कर्मचारियों की मदद से टैंकर की आग को करीब पौन घंटे में बुझाया गया। गनीमत यह भी रही कि जिस समय टैंकर में आग लगी उसमें से पेट्रोल निकाल लिया गया था।
बाइक की चिंगारी से लगी आग
बताया जा रहा है कि पेट्रोल पंप पर बाइक स्टार्ट करते समय निकली चिंगारी से टैंकर में आग लगी। आग बुझाते समय पेट्रोल पंप का एक कर्मचारी झुलस गया है।
इस दौरान हाईवे पर यातायात पूरी तरह से बंद रहा। पेट्रोल पंप और आसपास अफरातफरी का माहौल रहा।