4500 रुपए की रिश्वत ने एक पटवारी को जेल का मुंह दिखा दिया। उस एक गलती का पछतावा कर पकड़े जाने के बाद अब वह माथा पीट रहा है।
सतर्कता विभाग ने उसे भीमताल चौकी पर रंगेहाथ पकड़ लिया। पुलिस इस बात की भी छानबीन कर रही है कि घूस के पैसे में किसी अन्य अधिकारी और कर्मचारी का हिस्सा तो नहीं रहता है।
सतर्कता विभाग के पुलिस अधीक्षक डॉ. अमित श्रीवास्तव के अनुसार उनके कार्यालय में आए सुभाषनगर के वरिष्ठ नागरिक गोपाल सिंह कुंवर ने बताया था कि भीमताल के थपलिया मेहरा गांव में उनकी 270 वर्गमीटर जमीन है।
इस जमीन की तीन भागों में रजिस्ट्री कराने के लिए उन्हें प्रारूप की आवश्यकता थी। इस मामले में उन्होंने 22 जून को पट्टी पूर्वी छकाता भीमताल के पटवारी ललित मोहन गोस्वामी से संपर्क किया।
पटवारी ने 1500 रुपये प्रति प्रारूप के हिसाब से तीनों के लिए 4500 रुपये की मांग की थी। 10 जुलाई को पटवारी से इस सिलसिले में बात की गई तो उसने 12 जुलाई को रुपये लेकर पटवारी चौकी में आने को कहा। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने छापा दस्ते का गठन किया और केमिकल लगाए रुपये गोपाल सिंह कुंवर को थमाकर चौकी भेजा।
जैसे ही पटवारी ललित मोहन गोस्वामी ने साढ़े चार हजार रुपये जेब में रखने चाहे, सतर्कता विभाग की टीम ने उसे धर दबोचा। पुलिस ने रुपये कब्जे में लेकर उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।