लोकसभा चुनाव के लिए दावेदारी की दौड़ में शामिल नेताओं को वरिष्ठ नेताओं की नाराजगी झेलनी पड़ सकती है। रुड़की में विगत दिवस भाजपा के प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल द्वारा खोले गए कैंप कार्यालय को पार्टी नेतृत्व ने संज्ञान ले लिया है।
मांगी गई है रिपोर्ट
प्रदेश प्रभारी ने प्रदेश के संगठन महामंत्री से पूरे मामले में रिपोर्ट मांगी है। मामला कुल मिलाकर हरिद्वार संसदीय सीट से टिकट की दावेदारी से जुड़ा है। विगत गुरुवार को रुड़की में भाजपा केप्रदेश महामंत्री नरेश बंसल के कैंप कार्यालय के उदघाटन पूर्व सीएम भगत सिंह कोश्यारी ने किया तो पार्टी के भीतर हंगामा खड़ा हो गया।
गढ़वाल के चार दिवसीय भ्रमण पर आए प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह के संज्ञान में लाया गया और वह इससे काफी नाराज भी हुए। प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह ने प्रदेश के संगठन महामंत्री संजय कुमार को पूरे मामले की रिपोर्ट भेजने को कहा है। उदघाटन के लिए बांटे गए निमंत्रण पत्र आदि रिपोर्ट के साथ भेजने को कहा है।
निजी कार्यालय बताया
बंसल कैंप के लोग इसे निजी कार्यालय बता रहे हैं। लेकिन कोश्यारी के उदघाटन करने से मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया है। उधर, प्रदेश अध्यक्ष तीरथ सिंह रावत ने कहा कि अभी तो वैसे भी पार्टी पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में व्यस्त है। लेकिन यदि रुड़की में खोला गया कार्यालय चुनाव प्रचार से संबंधित है तो पूरी तरह से गलत है।