डाकघरों में बृहस्पतिवार को 500 और 1000 के नोट बदलने वालों लोगों का उत्साह नजर आया। हेड पोस्ट ऑफिस में एक दिन में 45 लाख रुपये के नोट खातों से निकाले और एक्सचेंज किए गए। नियमानुसार सेविंग्स से जुड़े अकाउंट में फंड के तौर पर यह नोट चलने थे, लेकिन शहर के कई छोटे डाकघरों में आरडी आदि में पैसा जमा नहीं किया गया। इससे ग्राहक को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सीनियर पोस्ट मास्टर जेपी सेमवाल ने बताया कि उन्होंने ग्राहकों के लिए 50 लाख रुपये की करेंसी बैंकों से मंगाई थी। एक दिन में 45 लाख रुपये बंट गए। तमाम ऐसे भी ग्राहक आए, जिन्होंने अपने सेविंग अकाउंट से पैसा निकाला। बड़ी संख्या उन लोगों की थी रही, जिन्होंने सीधे नोट एक्सचेंज किए। नई करेंसी नहीं होने की वजह से ग्राहकों को 50 और 100 के नोट एक्सचेंज के रूप में दिए गए।
उन्होंने बताया कि स्पीड पोस्ट, रूरल पीएलआई, रजिस्ट्रेशन या फॉर्म खरीदने में 500 और 1000 रुपये के नोट मान्य नहीं होंगे। उधर, कई छोटे डाकघरों में आरडी आदि में पैसा जमा करने वालों से 500 और 1000 रुपये के नोट नहीं लिए गए। इससे से वह काफी परेशान दिखे। हालांकि, सीनियर पोस्ट मास्टर का कहना है कि सेविंग से जुड़े हर खाते में 30 दिसंबर तक 500 और 1000 के पुराने नोट चलेंगे।