राजधानी में नए नोटों के बिना पहला दिन तो कट गया, लेकिन आज के लिए कई बैंकों को चिंता सता रही है। कहीं बीच में ही कैश खत्म हो गया तो क्या होगा। एटीएम में पैसा डाला नहीं गया है। लिहाजा एटीएम समय से खुलेंगे, इसकी भी गारंटी नहीं है। हालांकि, बैंकों के आला अधिकारी उम्मीद जता रहे हैं कि शुक्रवार को नई करेंसी दून पहुंच जाएगी।
बृहस्पतिवार को बैंक खुलने पर अधिकारी दिनभर नई करेंसी का इंतजार करते रहे। कई बैंकों के अधिकारी तो रिजर्व बैंक के देहरादून कार्यालय भी पहुंचे, जहां पता चला कि करेंसी रास्ते में है जल्द दून पहुंच जाएगी। लेकिन किसी भी बैंक को खबर लिखे जाने तक 500 और 2000 के नए नोट नहीं मिले थे।
देना बैंक के डिप्टी जोनल मैनेजर केशव राम ने बताया कि उनकी सभी ब्रांच में 100-100 रुपये के नोट शुक्रवार को उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि शुक्रवार को दिन तक नई करेंसी दून पहुंच जाएगी।