टिहरी जिले की देवप्रयाग तहसील में तैनात कानूनगो की शक्ति नहर में डूबने से मौत हो गई। वह मूल रूप से त्यूनी तहसील के रड़ू गांव के रहने वाले थे और कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। घटना कोतवाली क्षेत्र विकासनगर की है।
उनकी मौत पर कालसी, चकराता और त्यूनी तहसील में राजस्व कर्मियों ने शोक सभा कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
दो माह से थे अवकाश पर
कान्हा सिंह राणा (55) पुत्र साहिब सिंह राणा का विकासनगर की लाइन जीवनगढ़ में मकान है। अस्वस्थ होने के कारण वह दो माह से मेडिकल अवकाश पर थे। शनिवार को वह रोज की तरह टहलने के लिए निकले। टहलते हुए वह नवाबगढ़ पुल नंबर एक के पहुंच गए जहां थकान के चलते वह नहर किनारे बैठ गए।
इस बीच उन्हें चक्कर आ गया। जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया और वे लुढ़कते हुए शक्ति नहर में जा गिरे और तेज बहाव में बहने लगे। इस दौरान आसपास के लोगों की नजर उन पर पड़ी। काफी दूर बहने के बाद कुछ लोगों ने उन्हें बाहर निकाल लिया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
शव पोस्टमार्टम को भेजा
एसएसआई डीएस कोहली ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कान्हा सिंह की पांच बेटियां और एक बेटा है। चार बेटियों की शादी हो चुकी है।