प्रदेश में जिम कॉर्बेट और राजाजी नेशनल पार्क के बाद अब पर्यटक राजधानी देहरादून के पास भी जंगल सफारी का लुत्फ उठा सकेंगे। इसके लिए वन विभाग राजधानी से महज 15 किमी दूर स्थित झाझरा रेंज के जंगलों को सिटी फॉरेस्ट के रूप में विकसित कर रहा है। यहां लोग सफारी के साथ-साथ जंगल के टेढ़े-मेढे़े रास्तों पर साइकिल ट्रैकिंग का भी लुत्फ उठा सकेंगें।
उम्मीद है कि बरसात समाप्ति के बाद सितंबर में जंगल सफारी को लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। इसके लिए वन विभाग इन दिनों तैयारियों से जुटा हुआ है। वन विभाग की इस योजना का उद्देश्य लोगों को प्रकृति से जोड़ने के साथ ही युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी विकसित करना है। झाझरा रेंज का जंगल करीब 7000 हेक्टेयर क्षेत्रफल में फैला हुआ है। इसमें कई जंगली जानवर रहते हैं। पांच किमी के ट्रैक में लोग जंगल के मनोरम नजारों के साथ जंगली जानवरों का दीदार भी कर सकेंगे। जंगल सफारी के लिए लोगों को एक निश्चित फीस देनी होगी। हालांकि, वन विभाग फीस पर अब तक कोई निर्णय नहीं ले सका है।
----
इन जानवरों के होंगे दीदार
देहरादून वन प्रभाग का झाझरा रेंज कई खतरनाक जंगली जानवरों से अटा पड़ा है, लेकिन यहां काकड़, जंगली सुअर, गुलदार, सेही, जंगली मुर्गे, मोर, अजगर, सांप, गोह, लंगूर आदि जानवर बहुतायत में पाए जाते हैं। इसके अलावा जंगल में लोगों को बर्ड वॉचिंग भी कराई जाएगी। लोग जंगल में विकसित किए गए डेमो बटर फ्लाई पार्क में तितलियों को भी निहार सकेंगे।
----
स्थानीय युवाओं को मिलेगा रोजगार
झाझरा रेंज के सिटी फॉरेस्ट के रूप में विकसित होने से स्थानीय युवाओं को भी रोजगार मिल सकेगा। वन विभाग की माने तो स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए बर्ड वाचिंग के ज्ञान के साथ ही गाइड का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इससे उन्हें घर के पास ही रोजगार मुहैया हो सकेगा।
----
विभाग की ओर से झाझरा रेंज के जंगल को सिटी फॉरेस्ट के रूप में विकसित करने का काम अंतिम चरण में है। विभाग की पूरी कोशिश है कि बरसात समाप्ति के बाद सितंबर माह में जंगल को लोगों के लिए खोल दिया जाए। - राजीव धीमान, डीएफओ, देहरादून