आबकारी विभाग के एफएल-2 के मुद्दे पर नेता प्रतिपक्ष अजय भट्ट ने पार्टी नेताओं के साथ मुख्य निर्वाचन अधिकारी राधा रतूड़ी को ज्ञापन सौंपकर राज्य सरकार पर आचार संहिता की धज्जियां उड़ाने का आरोप लगाया है। इस मामले में सीईओ ने भाजपा नेताओं की शिकायत पर सरकार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
भाजपा नेताओं ने की थी शिकायत
नेता प्रतिपक्ष अजय भट्ट, पूर्व आबकारी मंत्री व विधायक मदन कौशिक, पूर्व विधायक मुन्ना सिंह चौहान, मयंक गुप्ता समेत कई नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल राधा रतूड़ी से मिला।
भाजपा नेताओं ने रतूड़ी को आबकारी विभाग का 27 मार्च का वह आदेश भी दिखाया जिसमें एफएल-2 के दो सुपर स्टोर बनाने की व्यवस्था दी गई है।
सरकार की मंशा पर उठाए सवाल
अभी तक राज्य में एफएल-2 के 33 स्टोर हैं जहां से शराब की दुकानों पर वितरण किया जाता है। इन सभी को बंद कर मात्र दो सुपर स्टोर खोले जाने का आदेश जारी किया गया। आचार संहिता के दौरान ऐसा आदेश नहीं किया जा सकता।
भाजपा नेताओं ने 27 मार्च के आदेश का हवाला देते हुए सरकार की मंशा पर सवाल उठाए। कि यह व्यवस्था एक जून से लागू होगी। जो काम एक जून से लागू होना है उसका आदेश दो महीने पहले क्यों किया गया।
ज्ञापन लेने के बाद सीईओ सरकार को जवाब दाखिल करने के लिए नोटिस जारी कर दिया है।