हरिद्वार सांसद रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने अपने सांसद प्रतिनिधियों की जमकर क्लास ली। उन्होंने ने प्रतिनिधियों को केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और जनता की समस्याओं पर अपडेट रहने की हिदायत दी है। साथ ही चेतावनी दी कि खुद को अपडेट नहीं रख सकते तो पद छोड़ दें।
रमेश पोखरियाल निशंक ने मंगलवार को हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र के सांसद प्रतिनिधियों की केदारपुरम स्थित शिवा फार्म में बैठक ली। जनसमस्याओं और उनके समाधान पर अपडेट नहीं होने से ज्यादातर सांसद प्रतिनिधियों के प्रति सांसद ने नाराजगी व्यक्त की।
जनता तक ले जाएं नीतियां
निशंक ने कहा कि केंद्र सरकार की जन कल्याणकारी नीतियों को जनता तक ले जाएं। जनता को यह बताएं कि केंद्र सरकार से मिले धन को प्रदेश सरकार खर्च नहीं कर पा रही है जिससे प्रदेश का विकास रुक गया है।
उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से भी लोगों को केंद्र की योजनाओं की जानकारी देने को कहा है। बैठक में सांसद प्रतिनिधि महेश पांडेय, सतीश लखेड़ा, शादाब शम्स, सुभाष बर्थवाल, पुरुषोत्तम डोभाल आदि मौजूद रहे।