भगवान शंकर आश्रम का पांचवां स्थापना दिवस
- फोटो : अमर उजाला
मसूरी के प्रसिद्ध नाग मंदिर रोड पर क्यारकुली गांव के निकट आर्यम इंटरनेशनल फाउंडेशन द्वारा संचालित भगवान शंकर आश्रम का पांचवां स्थापना दिवस रविवार को मनाया गया। इस अवसर पर जगत कल्याण के साथ ही विशेष यज्ञ कर राष्ट्र और धर्म की रक्षा का संकल्प लिया गया। साथ ही आश्रम द्वारा डेढ़ माह से चलाया जा रहा पौधरोपण अभियान का समापन भी किया गया।
भगवान शंकर आश्रम के प्रमुख गुरु प्रोफेसर पुष्पेंद्र कुमार आर्यम ने बताया कि आश्रम परिसर में इस बार विभिन्न किस्मों के 730 पौधे लगाए गए। इससे पहले दोनों वर्ष लॉकडाउन के दौरान भी फाउंडेशन की ओर से बड़े स्तर पर क्षेत्र के लोगों को राशन व अन्य जरूरत की वस्तुएं बांटीं गई थी। उन्होंने बताया कि विशेष यज्ञ में बड़ी संख्या में दिल्ली, लुधियाना, उत्तर प्रदेश, राजस्थान सहित कई राज्यों के श्रद्धालु पहुंचे। समस्त अनुष्ठान कोरोना की गाइडलाइन का पालन करते हुए पूर्ण किए गए।
इस अवसर पर आश्रम परिसर में क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों और आगंतुकों के लिए मां अन्नपूर्णा निशुल्क भोजनालय का भी शिलान्यास किया गया। आयोजन में यामिनीश्री, दीपाली, शिवम आर्य, कमल शर्मा, मोहित, रूबी, राहुल गुप्ता आदि ने सहयोग किया। कार्यक्रम में रवि शर्मा, रेनूबाला, किरन बाला, अयान, चेतराम शर्मा, रजनी, यशिका गुप्ता, श्रवण गुप्ता, पार्थ, प्रकृति आदि शामिल रहे।