देहरादून पहुंचे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा में उपनेता आनंद शर्मा ने मोदी सरकार पर जमकर आरोप लगाए।
शुक्रवार को राजधानी में आयोजित पत्रकार वार्ता में आनंद शर्मा ने कहा कि उत्तराखंड के विकास, समस्याओं के समाधान और बेहतर भविष्य के कांग्रेस की सरकार बननी चाहिए। कांग्रेस का फोकस युवाओं को रोजगार और महिलाओं के सशक्तिकरण पर है।
कहा कि उत्तराखंड में आए भूकंप के बाद राज्य को 6000 करोड़ रुपए दिए गए थे। 2014 के बाद केंद्र सरकार ने राज्य को कोई पैसा नहीं दिया। कांग्रेस की सरकारों वाले राज्यों को चोट पहुंचाई जा रही है। उन्हें अपमानित किया जा रहा है। इतना ही नहीं सरकारों को गिराने के काम हुए। उत्तराखंड में लगे राष्ट्रपति शासन पर बोलते हुए शर्मा ने कहा कि पहली बार ऐसा हुआ कि राष्ट्रपति शासन छुट्टी के दिन लगाया गया, जिसे सुप्रीम कोर्ट ने अवैध करार दिया।
16 मई को केंद्र सरकार के तीन साल पूरे हो जाएंगे। इस दौरान सब्जबाग, झूठे वादे, घोषणाएं, प्रचार के अलावा कुछ नहीं हुआ। मोदी हिंदी, संस्कृत के शब्द इस्तेमाल नहीं करते। उनकी योजनाएं अंग्रेजी में हैं। नोटबंदी पर बोलते हुए आनंद शर्मा ने कहा कि 8 नवम्बर के बर्बादी के फैसले के बाद करोड़ों का रोजगार टूटा है। 8 नवम्बर के डाटा के आधार पर बजट बनाया गया है। भाजपा करोड़ों रुपए विज्ञापन पर खर्च कर रही है।
नोटबंदी के मामले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाते हुए आनंद शर्मा ने कहा कि पीएम मोदी ने रातों-रात करेंसी कन्वर्सेशन एंड मनी लांड्रिंग लागू कर दिया। रिजर्व बैंक की साख मिट्टी में मिला दी। पूरी दुनिया में सन्देश दिया कि भारत एक भ्रष्ट देश है, हमारी इकॉनमी काले धन पर निर्भर है। इसका जवाब प्रधानमंत्री नहीं देंगे तो कौन देगा।