नैनीताल में मालधन चौड़ में फर्राटा पंखे से करंट लगने से एक छात्र की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन उसे काशीपुर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
छात्र की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार कर दिया। छात्र की मां पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य रही हैं।
जानकारी के अनुसार, मालधन चौड़ आंनद नगर की रहने वाली पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य और सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता बसंती देवी का 18 वर्षीय बेटा रोहित टम्टा पुत्र गिरीश टम्टा सोमवार की रात 11 बजे फर्राटा पंखा चला रहा था। वह तभी नहाकर आया था और जैसे ही उसने पंखे को चालू किया तभी उसे करंट लग गया।
रोहित ने हाल ही में द्वितीय श्रेणी में इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की थी। छात्र की हालत गंभीर देख परिजन उसे आनन-फानन में काशीपुर एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
छात्र के पिता गिरीश टम्टा की दो साल पहले हार्ट अटैक से मौत हो चुकी है। रोहित तीन भाईयों में सबसे बड़ा था। उसके दो भाई राजा और मोहित हैं। मालधन चौड़ चौकी प्रभारी अजेंद्र प्रसाद ने बताया कि करंट लगने से छात्र की मौत हुई है, परिजनों की ओर से सूचना नहीं दी गई।