मसूरी-झड़ीपानी बस सेवा पिछले दस माह से बंद है। इससे स्थानीय लोगों के साथ ही टिहरी, चंबा जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों की परेशानी को देखते हुए पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता ने परिवहन सचिव को पत्र लिखकर बस सेवा दोबारा शुरू कारने की मांग की है।
परिवहन सचिव को लिखे पत्र में पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता ने बताया कि कोरोनाकाल के चलते देहरादून-झड़ीपानी-मसूरी और देहरादून-चंबा बस सेवा पिछले दस माह से बंद है। जिससे स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि कई बार बस सेवा फिर से शुरू करने के लिए परिवहन निगम के अधिकारियों से कई बार मांग की जा चुकी है, लेकिन इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। इससे क्षेत्रीय निवासियों सहित नौकरी पेशा लोगों और छात्रों को आवाजाही में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, झड़ीपानी निवासी प्रेरणा भंडारी ने बताया कि वह मसूरी से देहरादून कॉलेज जाती हैं, लेकिन बस सेवा बंद होने के कारण उनको चूनाखाला या कोल्हूखेत तक पैदल जाना पड़ता है।
वहीं, इस सबंध में परिवहन निगम के महाप्रबंधक दीपक जैन का कहना है कि कोविड-19 के चलते इस रूट पर सवारियां नहीं मिल रही थीं। इसलिए बस संचालन बंद किया गया था। उन्होंने कहा कि बस सेवा का जल्द संचालन शुरू किया जाएगा।