पूर्व विधायक व वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी रणजीत वर्मा के निधन पर कई सामाजिक व राजनीतिक संगठनों और संस्थाओं ने शोक व्यक्त किया है। नई दिशा एजुकेशन ट्रस्ट, अखिल गढ़वाल सभा, राज्य आंदोलनकारी सेनानी मंच, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, नेताजी संघर्ष समिति समेत अन्य संगठनों ने उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए दुख जताया।
प्रशासन की बेरुखी पर रोष
वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी और पूर्व विधायक रणजीत वर्मा के अंतिम संस्कार में प्रशासन के किसी भी नुमाइंदे के न पहुंचने पर राज्य आंदोलनकारियों ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। उनके नजदीकी रहे राजेंद्र खत्री, राधे बहुगुणा, तजेंद्र सिंह, गुरदीप सिंह, महेश रावत, सुशील मन्वाल, ओमी उनियाल, शंकर चंद रमोला, अनिल डबराल, प्रदीप डबराल, जगमोहन मेंदीरत्ता ने कहा कि उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ होना चाहिए था।
राजकीय शोक घोषित करने की मांग
चयनित राज्य आंदोलनकारी समिति के केंद्रीय मुख्य संरक्षक धीरेंद्र प्रताप और केंद्रीय अध्यक्ष जेपी पांडे ने रणजीत वर्मा के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को उनके निधन पर एक दिन का राजकीय शोक घोषित करना चाहिए।