हत्या के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
- फोटो : अमर उजाला फाइल फोटो
सिमलचौड़ स्थित शिव केबिल नेटवर्क के कंट्रोल रूम परिसर में बुधवार शाम को हुए शेखर ढौंडियाल हत्याकांड में दूसरे दिन भी पुलिस के हाथ खाली हैं। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें बनाई गई हैं। देहरादून और हरिद्वार के लिए भी टीमें रवाना की गई हैं। पुलिस मृतक के दो मोबाइल और लैपटॉप खंगाल रही है। एसएसपी पौड़ी डीएस कुंवर और एएसपी प्रदीप रॉय खुद जांच टीमों की मानीटरिंग कर रहे है। उनका दावा है कि इस मामले का जल्द खुलासा कर लिया जाएगा।
बुधवार को मृतक शेखर चंद्र ढौंडियाल के भाई यतीश चंद्र ढौंडियाल निवासी केशव बिहार, सेवला कला चंद्रबनी रोड थाना पटेलनगर देहरादून ने कोतवाली पुलिस को भाई की हत्या की तहरीर दी। कोतवाली पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्जकर विवेचना शुरू कर दी है। यतीश ने बताया कि उन्हें शाम पांच बजे उनके इलाके के केबिल नेटवर्क संचालक ने घटना के संबंध में जानकारी दी। कोतवाली पुलिस ने यतीश से पारिवारिक प्रापर्टी विवाद या किसी पुरानी रंजिश के बारे में पूछताछ की। यतीश ने बताया कि शेखर झगड़ालू प्रवृत्ति का नहीं था। उसकी किसी से दुश्मनी भी नहीं हो सकती है।
एएसपी प्रदीप रॉय ने बताया कि हत्याकांड के तार हरिद्वार और देहरादून से जुड़े होने के कारण टीमों का गठन कर उन्हें छानबीन के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले को केबिल नेटवर्क के वर्चस्व की लड़ाई, प्रापर्टी के विवाद और प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रही है। शूटरों की पहचान, तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। दूसरी टीमें सर्विलांस सिस्टम की मदद ले रही है। आला अधिकारियों को मामले के जल्द खुलासे की उम्मीद बनी है। कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।