महिलाओं ने भजनों के माध्यम से की मां की आराधना
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। चैत्र नवरात्र के सातवें दिन पछवादून के मंदिरों में मां भगवती के सातवें स्वरूप माता कालरात्रि की पूजा की गई। विकासनगर स्थित काली मंदिर, सनातन धर्म मंदिर, भोजावाला स्थित दुर्गा मंदिर, कैनाल रोड स्थित प्राचीन गणेश मंदिर, गुडरिच स्थित हनुमान मंदिर सहित अन्य मंदिरों में दिनभर दर्शन और पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। मंदिरों में महिलाओं ने भजन के माध्यम से माता का गुणगान भी किया।
अस्पताल रोड स्थित काली माता मंदिर के पुजारी मनोज पैन्यूली ने श्रद्धालुओं को बताया कि नवरात्रि सातवें दिन मां कालरात्रि की पूजा भक्तिभाव और श्रद्धा के साथ की जाती है। नवरात्रि के नौ दिनों में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना की जाती है। मां कालरात्रि का स्वरूप उनके नाम के अनुरूप घने अंधकार जैसा काला है। बताया कि उनके तीन नेत्र ब्रह्मांड के समान गोल और दिव्य हैं। मां की सवारी गर्दभ मानी जाती है। मां के दाहिना ऊपर उठा हाथ वरदान देने की मुद्रा में है, जबकि नीचे वाला हाथ अभय प्रदान करने का संकेत करता है। बाईं ओर ऊपर वाले हाथ में कांटा और नीचे वाले हाथ में खडग विराजमान है।