- पिता-पुत्रों समेत आठ पर मुकदमा दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। सहसपुर थाना क्षेत्र के बैरागीवाला में घर के पास नशा कर रहे युवकों को रोकना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया है। आरोप है पिता-पुत्रों समेत आठ लोगों ने घर में घुसकर व्यक्ति, उसकी पत्नी और बेटी के साथ मारपीट की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बलवा, मारपीट आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी तहरीर में थाना क्षेत्र के बैरागीवाला निवासी अब्दुर्रहीम ने बताया कि एक अप्रैल को कुछ लोग नशे की हालत में उनके घर के पास उपद्रव मचा रहे थे। बताया कि उन्हें रोकने पर भी वह नहीं माने। सभी ने एकत्र होकर उनपर जानलेवा हमला कर दिया। मारपीट करने वाले व्यक्ति नियामत और उसके बेटे शावेज, शोएब और सोहेल हैं। इससे उनके सिर पर चोट आईं। शिकायकर्ता ने बताया कि नशे की हालत में दानिश और शाहनवाज उर्फ गोलू उन्हें लहूलुहान कर भाग गए। उनकी पत्नी और बेटी के साथ भी मारपीट हुई है। थाना प्रभारी शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि जाकिर, दानिश, शाहनवाज, शाहवेज, शोएब, सोहेल, मेंहदी हसन और नियामत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।