देहरादून। मॉडलिंग को लेकर लोगों की सोच का दायरा बहुत छोटा होता है। बच्चों की खुशी के लिए माता-पिता तो समझ जाते हैं, लेकिन पड़ोसी और रिश्तेदार सुनाने का एक मौका नहीं छोड़ता मंगलवार को मिस टीन उत्तराखंड कांटेस्ट में पहुंची प्रतिभागियों ने इस मंच तक पहुंचने के लिए उनके सामने आई चुनौतियों के बारे में बताया। 13 से 19 साल तक की इन प्रतिभागियों ने कहा कि इस मंच के जरिए हम उस सामाजिक सोच को बदलना चाहते हैं, जो मॉडलिंग को गलत समझते हैं। क्योंकि मॉडलिंग केवल पहाड़ तक सीमित नहीं है।
त्यागी रोड स्थित एक होटल में एम्बेलिशद टैलेंट मैनेजमेंट की मिस टीन उत्तराखंड कांटेस्ट 2022 का फर्स्ट लुक आयोजित किया गया। 30 प्रतिभागियों ने अभी तक इस कांटेस्ट में अपनी जगह बनाई है। 13 से 19 साल तक की इन प्रतिभागियों के आत्मविश्वास को हर किसी ने सराहा। शो की डायरेक्टर ख्याति शर्मा ने बताया कि 15 जनवरी को ग्रेंड फिनाले आयोजित होगा। कांटेस्ट को जीतने वाली प्रतिभागी इसके बाद नेशनल पैजेंट में जाएगी। इन दिनों प्रतिभागियों की ग्रू मिंग क्लास चल रही है। 19 साल की अंजली सजवाण ने इस दौरान कहा कि मॉडलिंग का मतलब लोगों को सिर्फ इतना समझ में आता है, कि लड़कियां छोटे कपड़े पहनती हैं। जबिक ऐसा नहीं है। हां, लेकिन जब आपके सिर पर ताज सजता है। तब आपके प्रति लोगों की सोच और नजर बदल जाती है। मिस टिहरी रह चुकी 17 साल की अनुष्का ने बताया कि जब उन्होंने इस कांटेस्ट में हिस्सा लिया था, तो उनके पड़ोसियों से लेकर रिश्तेदारों तक उन्हें कई ताने मारते थे, लेकिन जब वो मिस टिहरी बनी तो लोगों की सोच बदली। इस मौके पर मिस टीन एशिया पैसेफिक इंडिया निहारिका सिंह, ग्रूमर और कोरियोग्राफर, कपिल गौर, रैंप वॉक ट्रेनर रिद्धिमा ममगाईं आदि थी।