देहरादून। किसी आतंकी घटना के समय रेलवे पुलिस और एटीएस टीम का रिस्पांस टाइम व सतर्कता परखने के लिए बृहस्पतिवार को देहरादून रेलवे स्टेशन पर चार आतंकियों द्वारा यात्रियों के बंधक बनाने की सूचना देकर मॉक ड्रिल की गई।
इस दौरान बताया कि इनमें दो आतंकी वेटिंग रूम और दो नंदा देवी एक्सप्रेस में छुपे होने की सूचना दी गई। मौके पर पहुंची एटीएस और रेलवे पुलिस ने इनमें से तीन आतंकियों को मार गिराया। जबकि, एक को पकड़ कर बंधकों को छुड़ाया। इस ऑपरेशन में दो यात्रियों की भी मौत हुई। ऑपरेशन करीब ढाई घंटे चला।
एसएचओ जीआरपी टीएस राणा ने बताया कि 3:15 बजे सूचना जारी हुई की गई कि रेलवे स्टेशन में हथियारों से लैस चार आतंकवादी दाखिल हुए। दो आतंकवादियों ने ट्रेन के दो कोच में सवार यात्रियों और अन्य दो वेटिंग एरिया करीब 30 से ज्यादा लोगों को बंधक बना लिया है। शुरुआत में जीआरपी ने मोर्चा संभाला। कुछ देर बाद वहां पर आतंकरोधी दस्ता (एटीएस) व जिला पुलिस भी पहुंच गई। सुरक्षा व जान माल का नुकसान कम करने के लिए फायर सर्विस, स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन की टीमों ने भी अपने स्तर पर राहत बचाव कार्य शुरू किया। ऑपरेशन के दौरान एटीएस, क्यूआरटी, पुलिस टीम और आतंकियों के बीच कई राउंड फायर हुए। ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने तीन आतंकियों को मार गिराया और एक को गिरफ्तार कर लिया गया। इस ऑपरेशन में दो सिविलियन (यात्री) की भी मौत हो गई। एसपी ऑपरेशन एटीएस मंजूनाथ टीसी का कहना है कि मॉक ड्रिल के बाद समीक्षा की जाएगी। जो सुधार के जरूरतें होगी उसमें सुधार किए जाएंगे।
सिपाही ने एसएचओ को बताया स्टेशन से आ रही गोलियों की आवाज
मॉक ड्रिल की सूचना शुरुआत में कंट्रोल रूम से जारी नहीं की गई थी। एसएचओ ने बताया कि उन्हें एक सिपाही ने बताया कि स्टेशन से गोलियों की आवाज आ रही है। बताया गया कि कुछ आतंकियों के आने की सूचना है। इसके बाद एसएचओ राणा ने एसपी रेलवे मंजूनाथ टीसी और अन्य अधिकारियों को रेडियो सेट पर यह सूचना दी। जिला पुलिस को भी यह सूचना फ्लैश की गई। पुलिस ने त्यागी रोड और गांधी रोड से आने वाले ट्रैफिक को भी दोनों तरफ रोक दिया गया। इससे जनता को भी खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा।