देहरादून। श्री गुरु नानक पब्लिक स्कूल प्रेमनगर में कक्षा 10वीं की छात्रा श्रीयांशी ने एयर पिस्टल राइफल सब जूनियर कैटेगरी में दिसंबर में दिल्ली में होने वाले नेशनल के लिए क्वालीफाई किया है। अहमदाबाद गुजरात में चल रहे नेशनल क्वालीफाइंग स्पर्धा (10 से 30 अक्तूबर) में कोर कर नेशनल में उत्तराखंड की ओर से सब जूनियर कैटेगरी में खेलने के लिए श्रीयांशी ने अपना नाम दर्ज करा लिया है।
प्रेमनगर कोटरा संतोर निवासी व मिशन ओलंपिक शूटिंग एकेडमी से ट्रेनिंग ले रही श्रीयांशी के इन दिनों 10वीं कक्षा के प्री बोर्ड एग्जाम चल रहे हैं। श्रीयांशी के हुनर को देखते हुए प्रधानाचार्य नीतू प्रीत कौर ने लौटने के बाद श्रीयांशी को परीक्षा देने की अनुमति दी। उन्होंने कहा कि आज जितनी जरूरत पढ़ाई की है, उतनी ही जरूरत खेलकूद की भी है। श्रीयांशी के पिता नवीन जोशी आर्मी से रिटायर्ड हैं। बेटी को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों के लिए भी प्रोत्साहित करते हैं। श्रीयांशी की इस उपलब्धि के पीछे पिता ने स्कूल प्रबंधन, मेंटर रिशु राज व हेड कोच अमर सिंह का आभार व्यक्त किया। अब सभी को उम्मीद है कि श्रीयांशी नेशनल में भी प्रदेश के लिए अच्छा प्रदर्शन करेगी।