सीबीआई की नौ सदस्यीय टीम हरिद्वार में तीन दिन तक रहकर श्रीमहंत नरेंद्र गिरि की मौत के मामले में आनंद गिरि के आश्रम समेत अन्य जगहों पर जाकर सुबूत एकत्र करेगी। जानकारी के अनुसार सीबीआई की टीम तीन दिन तक हरिद्वार में रहेगी। इसके साथ ही हरिद्वार में आनंद गिरि को शरण देने वाले एक बड़े संत व आश्रम के परमाध्यक्ष से भी पूछताछ होगी।
वहीं सबसे बड़ा सवाल सीबीआई के सामने उस वीडियो व फोटो को ढूंढना होगा। जिसके बारे में श्रीमहंत नरेंद्र गिरि को हरिद्वार से लगातार सूचना दी जा रही थी। वहीं हरिद्वार से सूचना देने वाले व्यक्ति के बारे में भी जानकारी जुटाएगी। बताया जा रहा है कि सीबीआई टीम आज बृहस्पतिवार को निरंजनी अखाड़े में जाकर भी जांच करेगी।
प्रिंटर से लेकर कई जरूरी सामान मंगवाए
सीबीआई टीम ने आनंद गिरि के आश्रम में जाने के बाद वहां से सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लिया। इसके साथ ही स्थानीय पुलिस से प्रिंटर से लेकर कई अन्य चीज मंगवाई गई। डाटा कॉपी करने के लिए डाटा केबल भी मंगवाई गई।
आश्रम के दो सेवादारों से पूछताछ
सीबीआई टीम देर रात तक आश्रम में रही। टीम ने आश्रम के दो सेवादारों को भी पूछताछ के लिए बुलाया। आश्रम सील होने के बाद सेवादार पास के ही गांव में रह रहे थे। सीबीआई टीम ने साढ़े नौ बजे दो सेवादारों को बुलाकर पूछताछ की।
20 लोगों का मंगवाया खाना
डीआईजी के नेतृत्व में नौ सदस्यीय टीम के अलावा उनकी गाड़ियों के चालक और पुलिस कर्मी देर रात तक आश्रम में रहे। करीब 20 लोगों के लिए होटल से खाना मंगवाया गया।
कैमरों की डीवीआर भी चेक करेगी
आश्रम के सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर चोरी करने के आरोप में पुलिस ने मंगलवार को ही एक व्यक्ति को पकड़ा था। चोर से पुलिस ने डीवीआर बरामद कर ली। लेकिन देर रात तक सीबीआई को डीवीआर नहीं मिल सकी। इसके लिए पुलिस की कागजी औपचारिकता करनी होगी। सीबीआई टीम डीवीआर मिलने पर उस भी खंगालेगी।