आम बजट में एसयूवी (sport utility vehicle) के शौकीनों को महंगाई की मार मिली है। खासकर दून में एसयूवी कारों का खासा क्रेज है। सेस लगने की वजह से दाम बढ़ेंगे तो ग्राहकों को शौक कुछ ज्यादा पैसों में पूरा करना होगा।
दून में ओबेरॉय मोटर्स के मैनेजर राजेंद्र सिंह गुसाईं का कहना है कि सेल्स एसयूवी कारों की हर महीने होने वाली डिलीवरी के लिहाज से देखें तो यह चिंताजनक बात है। मार्केट में महंगाई बढ़ेगी तो ग्राहकों का रुझान ऊपर-नीचे हो सकता है।
आम बजट में दस लाख से ऊपर वाली कारों पर सेस लगाने की वजह से इनके दाम बढ़ जाएंगे। दून में हर महीने 100 से अधिक एसयूवी कारों की डिलीवरी होती है। ऑटो एक्सपर्ट्स के मुताबिक डीजल वाहन करीब चार प्रतिशत महंगे हो जाएंगे।
डीजल एसयूवी होगी ज्यादा महंगी
सरकार ने बजट में सेस लगाया है, इस लिहाज से आने वाले समय में कारों के दाम बढ़ने तय हैं। पेट्रोल वर्जन पर असर कम पड़ेगा, लेकिन डीजल की कारों के दाम चार प्रतिशत तक बढ़ सकते हैं।
ऐसे में यदि एसयूवी होगी तो वह और भी महंगी साबित होगी। मार्केट पर इसका कुछ असर जरूर पड़ेगा।
-उपेंद्र दत्त डोभाल, जीएम सेल्स, प्रीमियर मोटर्स