पेट्रोल पंप पर लूट की वारदात में पुलिस हर बिंदू पर जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने लूट से पहले पेट्रोल पंप की रेकी की। यह भी देखा कि पेट्रोल पंप पर कितने लोग तेल भराने आ रहे हैं। बदमाशों को यह भी पता होगा कि रविवार को बैंक में कैश जमा नहीं होगा। इसके अलावा लूट से पहले ही एक किसान करीब 40 हजार का डीजल लेकर गया था। इसके कुछ मिनट बाद ही बदमाश पेट्रोल पंप पहुंचे और नकदी लूट ली। आशंका यह भी जताई जा रही है कि बदमाश लोकल के ही रहने वाले हैं। अब पुलिस लोकल क्रिमिनल हिस्ट्री वाले लोगों की तलाश कर रही है। मैनेजर ने बताया कि पेट्रोल पंप पर तीन सेल्समैन मौजूद थे। बदमाशों ने लूट से पहले दो सेल्समैनों को थप्पड़ मारा और फिर तमंचा दिखाकर नकली लूट ली।
शारीरिक दूरी बनाकर ली जानकारी
पेट्रोल पंप पर लूट की सूचना मिलते ही खजूरी गांव के कई ग्रामीण पहुंच गए। एसएसपी भी मौके पर पहुंचे। इस बीच पुलिस ने ग्रामीणों को वापस भेज दिया। पेट्रोल पंप पर एसएसपी ने शारीरिक दूरी बनाकर मामले की जानकारी ली। वहीं, एसएसपी ने सुरक्षा गार्ड की जानकारी ली तो पता चला कि पंप पर कोई गार्ड तैनात नहीं है। इस पर एसएसपी ने नाराजगी जताई।