प्रेमनगर में निरीक्षण करते विधायक हरबंश कपूर और डीएम।
देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने मंगलवार को विधायक हरबंश कपूर के साथ प्रेमगमर में राष्ट्रीय राजमार्ग चौड़ीकरण के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान व्यापारियों और विधायक ने चौड़ीकरण के दौरान जिन व्यापारियों के व्यावसायिक प्रतिष्ठान टूट गए उनके लिए खोखे लगाने के लिए जमीन आवंटित करने की मांग की।
व्यापारियों की मांग और विधायक के निर्देश पर जिलाधिकारी ने मौके पर ही उपजिलाधिकारी सदर एवं तहसीलदार सदर को व्यवसायिक गतिविधियों के लिए डीआरडीओ भूमि पर स्थान चिह्नित करने के निर्देश दिए हैं। विधायक ने डीएम को अवगत कराया कि विभाजन के दौरान इन लोगों को यहां बसाया गया था। सड़क चौड़ीकरण के दौरान किसी दुकानदार की पूरी और किसी की आधी दुकान टूट गई। कहा कि पूर्व में जिला प्रशासन ने इन दुकानदारों को बसाने के लिए स्थान चिह्नित किया था मौके पर भौगोलिक स्थिति दुकानदारों के विपरीत थी। इसके बाद पुन: स्थान चिहिनित किया गया। जो बाजार के समीप है और दुकानदार सहमत भी है, लेकिन अभी तक इसका आवंटन नहीं हुआ है। इस दौरान विजेंद्र थपलियाल, प्रेमनगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजीव पुंज, विक्की खन्ना, फकीर चंद, भूषण भाटिया, रवि चाचरा, रवि भाटिया, नरेश सहगल, अतुल किशोर, दीपक भाटिया, पकंज सहगल आदि मौजूद रहे।