पुलिस ने समरजहां हत्याकांड के मुख्य आरोपी अर्पित त्यागी को गाजियाबाद जेल से दून लाने के लिए बुधवार को बी वारंट दाखिल कर दिया है, जिस पर दस जून की तिथि निर्धारित की गई है। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद करेगी। आरोप है कि अर्पित ने सुपारी लेकर कत्ल की इस वारदात को अंजाम दिया है।
शहर के सहस्त्रधारा रोड पर सात मई की रात कार सवार बदमाश ने देहरादून में दवा कारोबारी राकेश कुमार गुप्ता के साथ लिव-इन-रिलेशन में रहने वाली समरजहां उर्फ रिहाना की गोलियां से भूनकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने शक के आधार पर दवा कारोबारी राकेश कुमार गुप्ता और उसके परिजनों से लंबी पूछताछ की थी।
जिसमें राकेश कुमार गुप्ता के बेटे कार्तिक गुप्ता ने चार लाख की सुपारी देकर मुजफ्फरनगर के अर्पित त्यागी से समरजहां की हत्या कराने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस का दावा है कि कार्तिक ने माता-पिता की मौन स्वीकृति के बाद यह कदम उठाया था। पुलिस ने दवा कारोबारी राकेश, पत्नी सीमा और बेटे कार्तिक गुप्ता समेत चार लोगों को जेल भेजकर हत्याकांड का खुलासा कर दिया था। उधर पुलिस का दबाव बढ़ने पर मुख्य आरोपी अर्पित त्यागी पुराने मुकदमे में जमानत तुड़वाकर गाजियाबाद कोर्ट में पेश हो गया था।
पुलिस अधीक्षक नगर श्वेता चौबे ने बताया कि दून पुलिस ने कोर्ट से बी वारंट लेकर गाजियाबाद जेल में प्रस्तुत कर दिया था। जिसके तहत एक जून को अर्पित को वारंट पर यहां लाना था, लेकिन उस दिन दूसरे मुकदमे में अर्पित त्यागी की पेशी होने के कारण दून पुलिस को बैरंग लौटना पड़ा। उन्होंने बताया कि एसओ राजपुर नत्थीलाल उनियाल ने बुधवार को अर्पित त्यागी को देहरादून लाने के लिए बी वारंट दाखिल कर दिया है, जिस पर 10 जून की तिथि मुकर्रर की गई है।