नया दिन, नया गांव और नया शिकार। दशोली पट्टी के गांवों में गुलदार कुछ ऐसे ही पालतू पशुओं को निवाला बना रहा है। सोमवार की सुबह जहां गुलदार ने कांचुला में गाय को निवाला बनाया।
वहीं मंगलवार सुबह पास के गांव सिलंगी और बुधवार रात्रि को मैखुरा में एक दुधारु गाय को निवाला बनाया। यही नहीं, गुलदार इसी क्षेत्र में 14 जनवरी से अब तक पांच पशुओं को मौत के घाट उतार चुका है जबकि एक को घायल किया है। गुलदार के हमले से ग्रामीणों में दहशत है। जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने वन विभाग से पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़ने की मांग की है।
गौशाला तोड़कर कर लेता है शिकार
मैखुरा के ग्राम प्रधान राकेश लाल, गणपति प्रसाद ने बताया कि बुधवार रात्रि को गुलदार ने रामप्रसाद की गौशाला को तोड़कर उनकी जर्सी गाय को निवाला बना दिया था।
यही नहीं बणसोली में 14 जनवरी को गुलदार ने दो गायों को निवाला बनाया जबकि 19 जनवरी को कांचुला, 20 को सिलंगी और 21 की रात्रि को मैखुरा में गुलदार ने गाय का शिकार किया। 20 जनवरी को उत्तरों में एक गाय को घायल भी किया।
अधिकारियों का है कहना
शिकायतें आ रही है कर्मियों को मौके पर भेजने के लिए निर्देशित किया जा रहा है। ग्रामीणों की मदद से गुलदार के आतंक पर नियत्रंण करने की कोशिश की जाएगी।
-एमएस नेगी, वनक्षेत्राधिकारी नंदप्रयाग रेंज।