वाईएस रिसर्च फाउंडेशन ऑफ पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन की ओर से राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इसमें देश-विदेश के विभिन्न विवि के कुलपति, प्रोफेसर, कानूनी अधिकारी, शोध कर्ता, वैज्ञानिक, कानूनविद और कई शोधार्थियों ने हिस्सा लिया। उन्होंने कई समसामयिक विषयों पर विचार रखे। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्यों के लिए पुरस्कार भी प्रदान किए गए।
संस्थान के सातवें स्थापना दिवस के मौके पर कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए निदेशक डॉ. सुशील कुमार और कार्यक्रम निदेशक गीता नेगी ने संस्थान के अब तक के सफर और उपलब्धियों पर रोशनी डाली।
मुख्य संरक्षक व सलाहकार कुमाऊं विवि के पूर्व कुलपति प्रो. सीपी बर्थपाल ने अपने व्याख्यान के साथ कार्यक्रम की शुरूआत की। मुख्य वक्ता कन्याकुमार के प्रो. जोसेफ डंस्टन, हैदराबाद के न्यूक्लियर वैज्ञानिक प्रो. चैतन्यमोई गांगुली, जबलपुर से कुलपति ले.ज. एके मिश्रा और इक्फाई बिजनेस स्कूल के डीन प्रो. आनंद बेथापुड़ी ने विचार रखे।
प्रो. चैतन्यमोई ने ऊर्जा सेक्टर की बढ़ती जरूरतों और समस्याओं को लेकर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन पार्थ उपाध्याय ने किया। समन्वयक सुशील कुमार सिंह ने बताया कि कार्यक्रम में दस से अधिक विवि के कुलपतियों ने हिस्सा लिया।