कालसी। लखवाड ब्यासी जल विद्युत परियोजना के लिए बनाए गए बांध से प्रभावित हुए ग्रामीणों ने जुड्डो में आक्रोश रैली निकाली। ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार, शासन-प्रशासन व स्थानीय विधायक के विरोध में नारेबाजी करते हुए विस्थापितों को जमीन के बदले जमीन देने की मांग की। उन्होंने अपने संघर्ष को जारी रखने का ऐलान भी किया।
जलविद्युत परियोजना के लिए बनाए गए बांध में पानी भरने की प्रक्रिया प्रारंभ कर देने पर ग्रामीणों ने आपत्ति जताई। उन्होंने कहा शासन-प्रशासन व स्थानीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने उनके साथ धोखेबाजी की है। ग्रामीणों की जमीन के बदले जमीन की मांग को दरकिनार करते हुए बांध की झील में पानी भरने के काम को शुरू कर दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया क्षेत्रीय विधायक के इशारे पर संघर्ष समिति के अध्यक्ष नरेश चौहान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा सरकार व सरकार के प्रतिनिधि ग्रामीणों के साथ सौतेला व्यवहार कर रहे हैं। जिससे पूरे क्षेत्र में नाराजगी बढ़ रही है। उन्होंने कहा सरकार व उसके प्रतिनिधि की इस कार्रवाई को किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अपने संघर्ष को आगे भी जारी रखने की बात कही।