महीने की पहली तारीख महंगाई का बोझ लेकर आ गई है। केंद्र सरकार के बजट प्रावधान के तहत एक जून से सर्विस टैक्स 14.5 से बढ़कर 15 प्रतिशत हो गया है। इससे न केवल रेस्टोरेंट में खाना महंगा हो जाएगा बल्कि कोचिंग, पार्लर, मोबाइल, रिचार्ज सहित तमाम सुविधाओं पर महंगाई का असर पड़ेगा।
कृषि कल्याण सेस होगा लागू
केंद्र सरकार की ओर से सभी सेवाओं पर एक जून से आधा प्रतिशत कृषि कल्याण सेस लागू होने जा रहा है। इससे सर्विस टैक्स 14.5 प्रतिशत से बढ़कर 15 प्रतिशत हो जाएगा। अच्छी खबर यह है कि डेबिट कार्ड या क्रेडिट कार्ड से टिकट बुकिंग पर 30 रुपये का सर्विस चार्ज अब नहीं लगेगा। 50 हजार तक की पीएफ निकासी पर कोई टैक्स नहीं लगेगा।
यह हुआ महंगा
सर्विस टैक्स बढ़ने से मोबाइल, डीटीएच, बिजली, पानी आदि के यूटिलिटी बिल, रेस्टोरेंट में खाना, रेल-हवाई टिकट, बैंकिंग, बीमा, पार्लर, कोचिंग आदि महंगी हो जाएंगी। इसके अलावा शादी विवाह, बैंक ड्राफ्ट बनवाना, फंड ट्रांसफर करना, एसएमएस अलर्ट लगवाना, फिल्म देखना, स्पा, सैलून भी महंगा हो गया है।