राज्य सभा के लिए कांग्रेस पार्टी हाईकमान की ओर से प्रदीप टम्टा का नाम घोषित किए जाने के बाद दलित नेता का टिकट काटना आसान नहीं था। सीएम के करीबी होने के चलते उनका टिकट कटता तो पार्टी में घमासान और बढ़ जाता। कांग्रेस के दलित कार्ड की एक वजह यह भी है कि भाजपा ने दलितों के मंदिर में प्रवेश को लेकर जिस तरह से मोर्चा खोला है उससे समीकरण बिगड़ सकते हैं। ऐसे में भले यशपाल आर्य ने मोर्चा खोला, लेकिन टम्टा की दावेदारी अधिक मजबूत रही।
उत्तराखंड से राज्य सभा के लिए कांग्रेस में भले ही किशोर उपाध्याय के नाम को लेकर पिछले कई दिनों से पार्टी में सहमति बनाई जा रही थी।
यशपाल आर्य भी जता चुके थे नाराजगी
इस पर कांग्रेस के अधिकतर पदाधिकारी भी प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में उनके नाम का प्रस्ताव पास कर चुके हैं, लेकिन प्रदेश कांग्रेस की ओर से निर्णय पार्टी हाईकमान पर छोड़ने और प्रदीप का नाम घोषित किए जाने के बाद भले ही किशोर के समर्थक इससे नाराज हो गए। वहीं, कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य भी नाराजगी जता चुके हैं, लेकिन पार्टी हाईकमान का फैसला पलटना और इससे भी बढ़कर दलित नेता का टिकट काटना पार्टी के लिए आसान नहीं था।
और ऐसे मान गए यशपाल
राज्य सभा के लिए प्रदीप टम्टा का नाम घोषित होने के बाद नाराज यशपाल आर्य ने पार्टी छोड़ने तक की धमकी दी। वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर भी टिकट न मिलने से नाराज हैं, लेकिन सोमवार को दिल्ली पार्टी हाईकमान के सामने हुई बैठक के बाद मुख्यमंत्री हरीश रावत यशपाल और किशोर को मनाने में सफल रहे। सूत्रों की मानें तो यशपाल के कहने पर ऊधमसिंहनगर के डीएम और एसएसपी का तबादला कर दिया गया है। वहीं विस टिकट वितरण में कई सीटों पर अब किशोर की चलेगी।
नामांकन आज, कपूर दून पहुंचे
राज्य सभा के लिए कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप टम्टा आज नामांकन करेंगे। उनके नामांकन के लिए कांग्रेस प्रदेश सह प्रभारी संजय कपूर दून पहुंच चुके हैं। संजय कपूर ने कहा कि सुबह 10 से 11 बजे के बीच कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप टम्टा नामांकन करेंगे।
राज्य के लाखों कांग्रेस कार्यकर्ता किशोर उपाध्याय को संसद में देखना चाहते हैं, पार्टी हाईकमान का दलित नेता को टिकट दिए जाने का वे स्वागत करते हैं। प्रदीप कुशल वक्ता एवं राज्य आंदोलन का जुझारू चेहरा हैं। कांग्रेस के विपक्ष में रहते वे राज्य सभा में प्रभावी भूमिका निभा सकेंगे।
-धीरेंद्र प्रताप, मुख्य प्रचार समन्वयक