कालीदास रोड निवासी आद्यांश काकरान ने जेईई एडंवास में 2089 ऑल इंडिया रैंक हासिल कर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। अविरल क्लासेस से रेगुलर कोचिंग करने के साथ ही यूट्यूब चैनल मिश्रा सर से तैयारी करने में उन्हें खासी मदद मिली। अब आद्यांश का सपना आईआईटी से कंप्यूटर साइंस में इंजीनियरिंग करना है।
इसी वर्ष आद्यांश ने 98.75 फीसदी अंक के साथ इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की। हालांकि, दो वर्ष पहले तक उनका जेईई की तैयारी करने का कोई प्लान नहीं था, लेकिन अविरल क्लासेस के प्रबंध निदेशक डीके मिश्रा ने उनकी प्रतिभा को पहचाना और कोचिंग करने की सलाह दी।
आद्यांश ने दिल लगाकर तैयारी की और नतीजा सबके सामने है। उन्होंने बताया कि कोरोना के दौरान तैयारी करने में कई तरह की दिक्कत आई। संस्थान बंद होने के कारण उनकी तैयारी पर असर पड़ रहा था। तब उन्होंने मिश्रा सर यूट्यूब चैनल के माध्यम से नियमित तैयारी शुरू की। उन्होंने बताया कि कोचिंग के साथ सेल्फ स्टडी करना भी जरूरी है।