सेलाकुई के पास नालों के चोक होने के कारण सड़क पर भरा पानी।
- फोटो : VIKAS NAGAR
तेज बारिश में चोक हुए नालों से सेलाकुई के पास दून-पांवटा हाईवे पर भारी मात्रा में जलभराव हो गया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई। सड़क के दोनों ओर करीब 5 किमी लंबा जाम लग गया। पानी कम के बाद ही सड़क पर वाहनों की आवाजाही बहाल हो सकी। करीब दो घंटे तक गाड़ियां जाम में फंसी रही।
सेलाकुई में एनएच के किनारे नालों का निर्माण किया गया है, लेकिन लंबे समय से विभाग ने इनकी सफाई नहीं कराई है। ऐसे में मंगलवार को क्षेत्र में हुई तेज बारिश से सुबह करीब 8 बजे सड़क पर भारी मात्रा में पानी जमा हो गया, जो करीब 10 बजे कम हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सड़क पर करीब एक से डेढ़ फीट पानी जमा हो गया था। लोगों को वाहन में ही बैठ कर सड़क खुलने का इंतजार करना पड़ा। लोग समय पर ऑफिस और कॉलेज नहीं पहुंच सके।
राजीव गुरुंग, विजय बर्तवाल, भगत सिंह राठौर, अनिल चैतन्य गौड़ आदि का कहना है कि लोनिवि की हीलाहवाली लोगों पर भारी पड़ रही है। बरसात से पूर्व सड़क किनारे बनी नालियों की सफाई की जानी चाहिए थी, लेकिन विभाग ने ऐसा नहीं किया। यदि समय रहते विभाग ने नालों की सफाई नहीं कराई तो आगे भी लोगों को जाम और जलभराव की समस्या से दो-चार होना पड़ेगा।
वहीं, एसडीएम कौस्तुभ मिश्र का कहना है कि एनएच के अधिकारियों से वार्ता कर चोक नालों को खुलवाया जाएगा।
सेलाकुई के पास सड़क पर पानी भरने के कारण लगा जाम।- फोटो : VIKAS NAGAR