राहुल गांधी पर अमर्यादित बयान देने वाले ऊधमसिंह नगर के जिला उपाध्यक्ष जगतार सिंह बाजवा को भाजपा ने पदमुक्त कर दिया है।
उत्तराखंड अध्यक्ष अजय भट्ट ने यह कार्रवाई की है। कहा कि अभी समाचार पत्रों में आए उनके बयान पर यह एक्शन लिया गया है, बाकी कार्रवाई जांच के बाद होगी।
आरोप है कि बाजवा ने कहा था कि राहुल गांधी जेएनयू में राष्ट्रद्रोहियों का साथ दे रहे हैं, इसलिए यदि कोई राहुल का सिर काटकर जेएनयू के गेट पर टांग दे तो वह उस व्यक्ति का मंदिर बनवाएंगे। इस पर एक दिन पहले मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी भाजपा पर हमला बोला था।
आज प्रदेश नेतृत्व ने बाजवा को पदमुक्त करने का आदेश जारी किया। अजय भट्ट ने कहा कि समाचार पत्रों में प्रकाशित होने मात्र से ही हमने अपने पदाधिकारी को पदमुक्त कर दिया है।
अब पार्टी इस बात की जांच करेगी कि ऐसा कुछ हुआ भी है या नहीं। अब यदि कुछ नैतिकता बची है तो मुख्यमंत्री हरीश रावत यह बताए कि राष्ट्रद्रोहियों का साथ देने पर राहुल गांधी के खिलाफ क्या कार्रवाई होगी?
मुकदमा दर्ज होते जगतार भूमिगत
कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ आपत्तिजनक बयान देने के मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद भाजपा नेता एवं राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता जगतार सिंह बाजवा भूमिगत हो गए हैं।
सूत्रों की मानें तो बाजवा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रशासन अंदरखाने तैयारी में लगा है। बाजवा के बारे में पल-पल की रिपोर्ट खुफिया विभाग एकत्र कर रहा है।