उत्तर प्रदेश के सिंचाई मंत्री शिवपाल यादव की ओर से हरिद्वार में हरकी पैड़ी की तर्ज पर ‘शिव की पैड़ी’ बनाने की घोषणा पर कई संगठनों ने ऐतराज जताया है। व्यापारियों ने शिवपाल सिंह के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि हरिद्वार की परंपराओं के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अखिल भारतीय युवा तीर्थ पुरोहित महासभा की बैठक राम घाट स्थित कार्यालय पर हुई। महासभा अध्यक्ष उज्ज्वल पंडित ने कहा कि हरकी पैड़ी का मान घटाने की कोशिश उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा की जा रही है। सरकार चाहती है कि हरिद्वार का व्यापार चौपट कर दिया जाए।
इतिहास को तोड़ने की इजाजत किसी को नहीं दी जा सकती। सौरभ शिवपुरी ने कहा कि युवा पुरोहित ऐसा कोई कार्य नहीं होने देंगे जिससे हरिद्वार और यात्रियों की आस्था बिखर जाए। बैठक में तरुण वशिष्ठ, अमित शर्मा, सुभिक्षित रमन आदि ने भी विचार रखे।
उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय सचिव कैलाश केशवानी ने शिवपाल की घोषणा को हास्यास्पद बताया। व्यापारी नेता राजीव पाराशर, मधुकांत गिरी, हन्नी अग्रवाल, नितिन कौशिक, शिव कुमार सैनी, तेज प्रकाश साहू, राजेंद्र जैन, शिव कुमार सैनी आदि व्यापारी नेताओं शिवपाल यादव के खिलाफ प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने एक ज्ञापन मुख्यमंत्री को भेजा है। मांग की गई है कि हरिद्वार की परंपराओं से खिलवाड़ न करने दिया जाए।