बता दें कि, बीती 18 अगस्त को आईटीबीपी में भर्ती होने के लिए हल्दूचौड़ गउ नानकमत्ता के छात्र का शव संदिग्ध हालात में आईटीबीपी परिसर की झाड़ियों में मिला था। शव में कीड़े पड़ गए थे।
परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए नानकमत्ता थाने और हल्दूचौड़ में घंटों हंगामा किया। इसके बाद मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। वार्ड नंबर सात अनाज मंडी नानकमत्ता निवासी ओमप्रकाश सक्सेना का बेटा सूरज सक्सेना (24) श्री गुरुनानक देव पीजी कॉलेज नानकमत्ता में एमए प्रथम वर्ष का छात्र था।
सूरज 15 अगस्त की शाम को घर से 34वीं वाहिनी भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल कैंप हल्दूचौड़ में भर्ती होने के लिए अपने साथियों के साथ गया था। बताया जा रहा है कि 16 अगस्त को सूरज दौड़ में वह सफल हो गया था।
आरोप है कि दौड़ के बाद टोकन जमा करने को लेकर उसका आईटीबीपी भर्ती के कुछ अधिकारियों के साथ विवाद हो गया था। विवाद के बाद से ही वह अचानक लापता हो गया।
साथियों के सूचना देने के बाद परिजनों ने उसके गुम हो जाने की सूचना नानकमत्ता थाने में दर्ज कराने का प्रयास किया लेकिन मामला लालकुआं थाना क्षेत्र का होने के कारण पुलिस ने परिजनों को लालकुआं कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराने की सलाह दी।
आईटीबीपी के भर्ती बोर्ड में शामिल अधिकारियों से पूछताछ की गई है। पुलिस ने तमाम साक्ष्यों को एकत्र करने के बाद तीन जवानों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच अभी जारी है।
-अमित श्रीवास्तव नगर पुलिस अधीक्षक, हल्द्वानी