पुलिस मुख्यालय में सहायक पुलिस महानिरीक्षक के पद पर तैनात निवेदिता कुकरेती को देहरादून का नया एसएसपी बनाया गया है। राज्य गठन के बाद यह पहला मौका है जब किसी महिला एसएसपी को हटाकर दूसरी महिला को जिले की कमान सौंपी गई है। कांग्रेस सरकार में एसएसपी बनीं स्वीटी अग्रवाल को सरकार बदलने के साथ ही हटाए जाने की चर्चाएं थीं। अब जाकर गृह विभाग ने इसके आदेश जारी किए हैं।
जारी सूची के मुताबिक अल्मोड़ा के एसएसपी दलीप सिंह कुंवर को पुलिस मुख्यालय में एसपी बनाया गया है। इनके स्थान पर एसटीएफ के एसएसपी पी. रेणुका देवी को अल्मोड़ा भेजा गया है। एसएसपी टिहरी नारायण सिंह नपल्च्याल को एसपी सीबीसीआईटी बनाया गया है, जबकि इनके स्थान पर विमला गुंज्याल को टिहरी भेजा गया है।
इसी प्रकार एसएसपी पौढ़ी मुख्तार मोहसिन को 31वीं वाहिनी पीएसी ऊधमसिंह नगर में सेनानायक बनाया गया है, जबकि एसडीआरएफ, जौलीग्रांट के सेनानायक जगतराम जोशी को पौढ़ी का नया एसएसपी बनाया गया है। 31वीं वाहिनी पीएसी ऊधमसिंह नगर की सेनानायक रिधिम अग्रवाल को एसएसपी एसटीएफ बनाया गया है। पिथौरागढ़ के एसपी अजय जोशी को पुलिस मुख्यालय में सहायक पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है, जबकि एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक मुकेस कुमार को प्रभारी पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ बनाया गया है।