फ्रांसीसी उद्यमियों के साथ ‘इन्वेस्टर मीट’ के नाम पर उत्तराखंड के सिडकुल अफसरों ने मुंबई की इंवेंट मैनेजमेंट कंपनी को 80 लाख रुपये का अग्रिम भुगतान कर दिया। जबकि पिछले साल सितंबर में फ्रांस की राजधानी पेरिस में होने वाली इस अहम बैठक का कुछ भी अता-पता नहीं है।
ऐसे में इन्वेस्टर मीट को लेकर सवाल उठने लगे हैं। दूसरी ओर सिडकुल प्रबंध निदेशक का कहना है कि बीते वर्ष पेरिस में हुए आतंकी हमले के बाद बैठक को निरस्त कर दिया गया था। अब बैठक को लेकर नए सिरे से प्रयास किए जा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि फ्रांस के उद्यमियों द्वारा उत्तराखंड में नए उद्योगधंधे स्थापित करने और राज्य के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मुहैया कराने को लेकर सिडकुल अफसरों ने महत्वाकांक्षी योजना तैयार की थी।
पिछले साल तत्कालीन मुख्य सचिव राकेश शर्मा की मौजूदगी में हुई बैठक में तय हुआ था कि फ्रांस की राजधानी पेरिस में इन्वेस्टर मीट का आयोजन किया जाए। जिसमें वहां के बड़े उद्योगपतियों के सामने उत्तराखंड की औद्योगिक नीति का तानाबाना प्रस्तुत कर राज्य में उद्योगधंधे स्थापित करने के लिए उन्हें प्रेरित किया जाए। योजना के तहत यूपी निर्माण निगम को इन्वेस्टर मैनेजमेंट कंपनी तलाश करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। निर्माण निगम ने इंडो-फ्रेंच यूरोपियन ट्राइऐंगल नामक मुंबई की एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी को आयोजन का जिम्मा सौंपा।
सूत्रों की मानें तो कंपनी ने इन्वेस्टर मीट के आयोजन को लेकर ढाई करोड़ की मांग रखी, जिसे स्वीकार करते हुए सिडकुल अफसरों ने कंपनी को 80 लाख रुपये का अग्रिम भुगतान भी कर दिया।
इस संबंध में जब सिडकुल के प्रबंध निदेशक डॉ. आर राजेश कुमार से सवाल किया गया तो उनका कहना था कि फ्रांस की राजधानी पेरिस में आतंकी हमले के बाद सितंबर के आयोजन को रद कर दिया गया। फिर इसे मार्च में करने पर सहमति बनी, लेकिन तभी राज्य में राजनीतिक अस्थिरता के हालात बन गए। अब इसे अगले माह कराया जाएगा। इसके लिए इवेंट कंपनी को तैयार रहने को कहा गया है।
आतंकी हमले के बहाने में दम नहीं
सिडकुल अफसर पेरिस में आतंकी हमले का हवाला देकर इन्वेस्टर मीट को स्थगित किए जाने की बात भले ही कर रहे हों, लेकिन जब पेरिस में हुए हमलों की जानकारी खंगाली गई तो पता चला कि पिछले साल वहां पहला आतंकी हमला सात जनवरी को शार्ली आब्दो पत्रिका के कार्यालय पर हुआ था। इसके बाद दूसरा बड़ा हमला 13 नवंबर को हुआ। लेकिन सितंबर माह या इसके आसपास आतंकी हमले की ऐसी कोई घटना ही नहीं हुई।
फ्रांस की राजधानी पेरिस में आतंकी हमले के बाद इन्वेस्टर मीट को रद कर दिया गया था। बाद में इसे मार्च में आयोजित करने का निर्णय लिया गया, लेकिन इसी बीच राज्य में राजनीतिक अस्थिरता की स्थिति बन गई। अब इसे अगस्त महीने में कराने की तैयारी है।
- डॉ. आर राजेश कुमार, प्रबंध निदेशक, सिडकुल