35 केवि और 9 सैनिक स्कूलों के प्रस्ताव पर मांगी सहमति
प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से केंद्र सरकार को प्रदेश में 35 केन्द्रीय विद्यालय एवं 9 सैनिक स्कूल खोलने का प्रस्ताव भेजा गया है। जिस पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री से शीघ्र सहमति प्रदान करने का अनुरोध किया गया। इसके अलावा केन्द्रीय मंत्री के सामने नई शिक्षा नीति को लागू करने, एनईपी के अनुरूप कौशल विकास एवं रोजगारपरक पाठ्यक्रम तैयार करने, आईआईएम एवं आईआईटी से शिक्षण संस्थानों को लिंकेज करने, विश्वविद्यालयों को मजबूत करने की बात कही गई। शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने राज्य की शिक्षा व्यवस्था को और सुद्ढ़ बनाने के लिए विद्यालयी शिक्षा एवं उच्च विभाग के उच्चाधिकारियों को प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा स्तर पर पंचवर्षीय योजना तैयार कर प्रस्ताव केन्द्र सरकार को भेजने को कहा है। साथ ही उन्होंने जून में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित करने की बात कही, जिसमें केन्द्र सरकार के सचिव भी उपस्थित रहेंगे।