होली के त्यौहार पर रोडवेज बसों का संचालन निर्बाध रखने के लिए परिवहन निगम ने कर्मचारियों को प्रोत्साहन देने की घोषणा की है। परिवहन निगम की प्रोत्साहन योजना 11 मार्च से 21 मार्च यानी 11 दिन प्रभावी होगी।
निगम के महाप्रबंधक संचालन दीपक जैन की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, ड्राईवर-कंडक्टरों के लिए एक हजार रुपये प्रोत्साहन राशि की घोषणा की गई है। इसके लिए उन्हें मैदानी मार्गों पर औसतन प्रतिदिन 242 किलोमीटर, मिश्रित मार्गों पर प्रतिदिन 200 किलोमीटर और पर्वतीय मार्गों पर प्रतिदिन 180 किलोमीटर बस चलानी होगी। इस दौरान 75 प्रतिशत लोड फैक्टर के साथ 11 दिन तक बिना अवकाश लिए काम कर निर्धारित लक्ष्य हासिल करने वाले ड्राईवर-कंडक्टरों को 1100 रुपये प्रोत्साहन राशि मिलेगी। होली के दिन जो ड्राईवर-कंडक्टर बस चलाएंगे उन्हें 200 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे। 85 प्रतिशत लोड फैक्टर होने पर 300 रुपये मिलेंगे। कार्यशाला के कर्मचारियों को 11 में से एक दिन अवकाश रखने पर 500 रुपये मिलेंगे।