मसूरी। शहर के किंग्रेग पार्किंग के निकट हरे बांज के छह पेड़ों के अवैध कटान का मामला सामने आया है। मामले में वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में छह पेड़ों के कटान की पुष्टि होने पर विभाग ने आरोपी के खिलाफ वन अपराध दर्ज कर लिया है। वहीं, आरोपी की तलाश की जा रही है।
वन विभाग के अनुसार, किंग्रेग क्षेत्र में अलग-अलग दिनों में हरे बांज के पेड़ों को काटा गया है। मामले की जानकारी मिलने पर विभागीय टीम ने मौके का निरीक्षण किया और कटान से संबंधित जानकारी जुटाई। डीएफओ डीपी बलूनी ने बताया कि मौके पर छह पेड़ों के कटान का मामला सामने आया है। इस संबंध में अभियुक्त के विरुद्ध वन अपराध पंजीकृत किया गया है। उन्होंने बताया कि पेड़ों को अलग-अलग दिनों में काटा गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। हरे बांज के पेड़ों के कटान का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी चिंता जताई जा रही है। वन विभाग की ओर से मामले की जांच की जा रही है।