- भ्रमण व गोष्ठी में किसानों को दी आधुनिक खेती की जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। मल्टीपल एक्शन ग्रुप फॉर इंटीग्रेटेड रूरल डेवलपमेंट संस्था के माध्यम व यूनिवर्सिटी ऑफ पेट्रोलियम एंड एनर्जी स्टडीज के सहयोग से शुक्रवार को विकासखंड सहसपुर की ग्राम पंचायत धूमीपुर में एक दिवसीय फील्ड भ्रमण एवं गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान किसानों को विलुप्त होती देहरादून की बासमती के संरक्षण व पुनर्जीवन की विस्तार से जानकारी दी गई।
पर्यावरण एवं जलवायु विषय पर आयोजित हुई भ्रमण व गोष्ठी में कृषि क्षेत्र में एआई के उपयोग, मौसम की जानकारी, वनीकरण और अंतरवर्ती खेती के माध्यम से किसानों को लाभ पहुंचाने के तरीकों पर चर्चा की गई। किसान राजीव तोमर ने देहरादून की पहचान रही पारंपरिक बासमती धान की विलुप्त होती प्रजाति को पुनर्जीवित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा इसके संरक्षण और उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाने चाहिए। यूपीईएस की छात्रा योगिता बगवाड़ी ने कहा, एआई के माध्यम से देहरादून बासमती की बिक्री, मार्केटिंग और प्रचार-प्रसार को नई दिशा दी जा सकती है। इससे पारंपरिक कृषि उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। संस्था की अध्यक्ष कविता चौहान ने कहा, एआई तकनीक के उपयोग से किसानों को मौसम में बदलाव, आधुनिक कृषि तकनीक, फसल प्रबंधन, ग्रेडिंग और पैकेजिंग संबंधी जानकारी मिल सकेगी। इससे किसानों की आय बढ़ाने के साथ उचित मूल्य दिलाने में भी सहायता मिलेगी। इस दौरान शिशुपाल तोमर, अजय तोमर, जगदीश सिंह लक्ष्मी, आदर्श, अनीश, ध्रुव, मयंक, आकाश, कार्तिक आदि उपस्थित रहे।