मुख्य सचिव ने गढ़वाल के कमिश्नर, डीआईजी व मुख्य वन संरक्षक तीनों अफसरों के देहरादून में कैंप कार्यालय से कार्य निस्तारित करने को गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा कि यह मामला मेरे संज्ञान में आया है, जल्द ही न्यायसंगत कदम उठाए जाएंगे।
काबिलेगौर है कि कमिश्नर गढ़वाल चंद्र सिंह नपलच्याल, डीआईजी रेंज संजय गुंज्याल व मुख्य वन संरक्षक गंभीर सिंह की पोस्टिंग कमिश्नरी मुख्यालय पौड़ी में है। लेकिन तीनों पौड़ी छोड़कर देहरादून में कैंप कार्यालय से कमिश्नरी चला रहे हैं।
कमिश्नर व डीआईजी के पास पौड़ी व देहरादून दोनों शहरों में सरकारी कोठी भी है। इसी मुद्दे पर मुख्य सचिव एन रविशंकर ने कहा कि पहाड़ पोस्टिंग का मतलब पहाड़ पोस्टिंग ही है। सरकार का मत भी पूरी तरह स्पष्ट है।
स्मार्टनेस लाने स्पेन गए हैं पंवार
सीएम द्वारा अफसरों की विदेश यात्रा प्रतिबंधित करने के बावजूद अफसरों का विदेश भ्रमण नहीं रुक रहा है। इससे भी गजब स्थिति यह है कि सीएम रोक लगाने के बाद भी अनुमति देते रहते हैं। जब से रोक लगी तभी से यही आलम है।
फिलहाल मामला ऊर्जा सचिव उमाकांत पंवार का है। वह स्पेन की तीन दिवसीय यात्रा पर हैं। इस बाबत जब मुख्य सचिव एन रविशंकर से पूछा गया तो वह मुस्कुराकर बोले कि अनुमति लेकर ही गए होंगे।
किस लिए गए, इस सवाल के जवाब में बोले, शायद चीजों को ज्यादा स्मार्ट बनाने की ट्रेनिंग पर गए हों। इसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में जोर से ठहाके लगने लगे।