हमारे पास आज अभिव्यक्ति के बहुत सारे माध्यम हैं। उनमें से एक सशक्त माध्यम मुझे कविताएं लगती हैं। मैं अपनी बात को कविताओं के जरिए ही रखने में ज्यादा सहज होता हूं। इससे मेरा हुनर भी दिखता है और मेरी पहचान भी बन रही है। अपनी कोई भी कविता जब मैं किसी मंच पर सुनाता हूं। तो मुझे लगता है कि मेरा लेखन सार्थक हो गया। स्नातक शिक्षण काल में ही मैंने लिखना शुरू किया। धीर-धीरे ज्ञान और अनुभव मिलता रहा, जिससे मेरा लेखन निरंतर निखरता गया। अपनी गढ़वाली बोली में लिखी कविताओं और गीतों के जरिए मैं अपने क्षेत्र के लोगों के दिलों में जगह बना पाया हूं, लेकिन हिंदी रचित कविताओं के जरिए मुझे सुनने वालों को दायरा बढ़ गया है। मैं ज्यादा लोगों तक हिंदी के जरिए पहुंच सका।
स्कूल में लिखी पहली कविता से आया आत्मविश्वास : खुशबू
मुझे लगता है कि स्कूल समय में हमारे बीच में कई ऐसे बच्चे होते हैं जो बहुत अच्छा लिखते हैं। मेरी पहली कविता जो मैंने स्कूल समय में लिखी थी, उसे सभी ने बहुत पसंद किया। मुझे यकीन नहीं था कि मेरी कविता को इतना प्यार मिलेगा। स्कूल प्रबंधन की ओर से उसे प्रकाशित करने के लिए भेजा गया। तभी से मुझमें आत्मविश्वास आया। इसके बाद में कभी-कभी कुछ लिखती थी, लेकिन बहुत सक्रिय नहीं थी। इंजीनियरिंग की पढ़ाई के दौरान मैंने फिर लिखना शुरू किया। जो भी मेरे ख्याल होते थे, उन्हें कागज पर उतार देती थी। मेरी कविता को सुंदर बनाते थे, हिंदी के शब्दकोश, जिनमें बहुत ताकत है। अंग्रेजी भले ही पढ़ती रही हूं, लेकिन जितना अच्छा मैं हिंदी सोचती, लिखती या कह पाती हूं। वो मैं किसी और भाषा में नहीं कह सकती। इसलिए मुझे गर्व है कि मैं हिंदी की कवि हूं।
हिंदी में सबसे अच्छे नंबर लाने पर शाबाशी क्यों नहीं : आयुष
मैं उन विद्यार्थियों में से था, जिनके हिंदी में ही सबसे ज्यादा नंबर आते थे। हमारा परसेंटेज भी हिंदी की ही वजह से बढ़ता था, लेकिन दुर्भाग्य की बात यह है कि हिंदी में ज्यादा नंबर आने पर कोई सराहना नहीं होती थी। हां, अगर साइंस में अच्छे नंबर आए हैं तो आपको शाबाशी मिलेगी। इंजीनियरिंग की पढ़ाई के दौरान अंग्रेजी ही पढ़नी थी। मेरे जैसे कई हिंदी मीडियम से पढ़े बच्चे इंजीनियरिंग के लिए आए थे। धीरे-धीरे सभी की अंग्रेजी तो अच्छी हो गई, लेकिन हिंदी पीछे छूटती चली गई। हिंदी का उच्चारण सही हो न हो, लेकिन अंग्रेजी का उच्चारण सही होने पर सबका जोर रहा, लेकिन मैं तो मन से कवि था और अच्छा कवि वही बन सकता है जो अपने विचारों को बेहतर ढंग से कागज पर उतार सके। भले ही शिक्षकों के सामने और अच्छे नंबर लाने के लिए मैंने बहुत मेहनत कर अंग्रेजी पर अपनी पकड़ बनाई, लेकिन मेरी अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम हिंदी ही बनी। अपनी कविताओं के जरिए मुझे आज लोगों से प्यार मिलता है। यह हिंदी की ही ताकत है।
हिंदी ने ही दी मुझे आज युवा कवि की पहचान : सिमरन
अंग्रेजी थोड़ी कमजोर है मेरी, लेकिन हिंदी पर मैं गुमान करती हूं। मैंने अपनी इसी रचना के जरिए खुद के अंदर भी आत्मविश्वास जगाया है। मेरी मातृभाषा की ही तो ये ताकत है, जिसने मुझे एक युवा कवि बनने का मौका दिया। कुछ समय पहले ही मैंने कविताएं लिखनी शुरू की थीं। तब मुझे वास्तव में यकीन नहीं था, कि जो मैंने लिखा है उसे लोग पसंद करेंगे। पहली कविता जब मैंने मंच पर सुनाई, उसके बाद यह सिलसिला रुका नहीं। हिंदी कविताओं के जरिए मैंने अपने विचारों को न सिर्फ कागज पर उतारा, बल्कि अपनी पहचान बनाने के दरवाजे भी खोले। मुझे लगता है कि हमारी भाषा, हमारी संस्कृति जो पहचान हमें देती है, वो हम किसी और भाषा या संस्कृति को अपनाकर नहीं पा सकते। इसलिए यह जिम्मेदारी हम सबकी है, कि हम अपनी मातृभाषा को बोलने में हिचकिचाएं नहीं।
जिस भूमि से लगी उम्मीदें, जोत जली हो जहां अखंड
सभी गुणी ज्ञानी जहां आए, ऐसा है हमारा उत्तराखंड।
- प्रदीप फरस्वाण
अंग्रेजी थोड़ी कमजोर है मेरी, लेकिन हिंदी पर मैं गुमान रखती हूं।
तुम नहीं सभ्यता का पर मैं अपनी मातृभाषा का मान रखती हूं।
- सिमरन दिवाकर
मछली जल की रानी है पर खतरे में अब पानी है,
पानी बचाओ की तस्वीरें और यही असल कहानी है।
- खुशबू गैरोला
एक पुष्प को देख नयन मैंने बांध लिए, उसी से प्यारा सा, वह रंग बिरंगा देख उसकी छटा,
पड़ गया मैं सोच में पुष्प से मैंने पूछा, क्या तू मेरा मित्र बनेगा? मेरे जीवन का इत्र बनेगा?
- आयुष बगवाड़ी