शुक्रवार को तड़के से ही उत्तराखंड के अधिकतर इलाकों में बादलों का पहरा है। जहां एक ओर कई पहाड़ी इलाकों में बारिश की फुहारें पड़ रही हैं तो वही केदारनाथ, बदरीनाथ, औली समेत ऊंची चोटियों पर हिमपात जारी है। इससे मौसम बेहद ठंडा हो गया है।
उधर, उत्तराखंड के चमोली जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में शुक्रवार तड़के से बर्फबारी हो रही, जिस कारण मैदानी क्षेत्र शीतलहर के प्रकोप में है। बदरीनाथ, केदारनाथ, हेमकुंड, हनुमानचट्टी, औली और गोरसों बुग्याल में बर्फबारी हो रही है।
मौसम विभाग ने पहले ही आशंका जताई थी कि उत्तराखंड में शुक्रवार से आगामी 48 घंटे मौसम का मिजाज बदला रहेगा। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे पांच जिलों में भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी की थी।
मैदानी इलाकों खासकर देहरादून और हरिद्वार में ओले पड़ने के साथ ही तेज हवाएं भी चल सकती हैं। बारिश, बादल और बर्फबारी के चलते तापमान में भी बड़ी गिरावट आने की संभावना जताई गई है।
प्रदेशभर में बृहस्पतिवार को मौसम शुष्क रहा। दिन में धूप खिलने से गर्मी का अहसास तो हुआ लेकिन शाम ढलने तक बादलों ने दस्तक दे दी। राजधानी सहित प्रदेशभर में बादल और हल्की हवाओं के बीच मौसम का मिजाज बदल गया।