मौसम विभाग ने प्रदेश में शुक्रवार से नौ जिलों में भारी से भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके तहत न केवल राजधानी, बल्कि कुमाऊं के कई क्षेत्रों में भी भारी बारिश का साया मंडरा रहा है। उधर, राजधानी में दिन में हुई बारिश की वजह से तापमान में दो डिग्री से अधिक की गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि प्रदेश में उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, देहरादून, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, नैनीताल और चंपावत में भारी से भारी बारिश हो सकती है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी मध्यम बारिश होगी।
वहीं, राजधानी में बृहस्पतिवार को दिनभर बारिश का सिलसिला जारी रहा। बारिश की वजह से तापमान में करीब दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को जहां अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री था, वहीं बृहस्पतिवार को गिरकर 31 डिग्री पर आ गया। शुक्रवार को राजधानी में भी भारी बारिश हो सकती है।