प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केदारनाथ दौरे पर बीजेपी चाहे जितनी उत्साहित हो, मगर कांग्रेस उसकी घेराबंदी का कोई मौका नहीं छोड़ रही है। रविवार को पूर्व सीएम हरीश रावत ने इस पर एक लाइन की टिप्पणी दी- देर आयद, दुरुस्त आयद। उन्होंने कहा हम पीएम मोदी को बुलाते रहे, लेकिन वे नहीं आए। अब आ रहे हैं, तो केदारनाथ में पुख्ता इंतजामों के लिए कुछ देकर जाएं।
पीएम नरेंद्र मोदी तीन मई को केदारनाथ के कपाटोद्घाटन पर उत्तराखंड पहुंच रहे हैं। मोदी के दौरे की तेज होती तैयारियों के बीच पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा कि पीएम का स्वागत है। देर से आ रहे हैं, मगर चलो आए, तो सही।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने कैबिनेट में केदारनाथ क्षेत्र में पुख्ता सुरक्षा इंतजामों के लिए कई योजनाएं स्वीकृत करके केंद्र से पैकेज मांगा था। पीएम को अब इसका एलान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऑल वेदर रोड का डमरू ही बजाना ठीक नहीं है।