तरुण विजय से मिले सीएम हरीश रावत
- फोटो : AmarUjala
मुख्यमंत्री हरीश रावत ने शनिवार सुबह मैक्स अस्पताल जाकर भर्ती राज्यसभा सांसद तरुण विजय की कुशलक्षेम की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को सर्वोच्च मेडिकल सुविधाएं देने के निर्देश दिए।
कहा कि राज्य सरकार अस्पताल प्रबंधन को हर प्रकार का आवश्यक सहयोग देगी। इसके बाद बीजापुर हाउस में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने तरुण विजय के साथ हुई घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
'मंदिरों के दरवाजे सभी के लिए खुले'
कहा कि मंदिर में प्रवेश करके पूजा कार्य संपन्न किया जा चुका था। यह घटना मंदिर से कुछ दूरी पर हुई। उन्होंने इसे प्रशासनिक चूक मानते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की घटनाओं को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदेश में आपसी सद्भाव की परंपरा रही है। कहा कि मंदिरों के दरवाजे सभी लोगों के लिए खुले हैं। बैठक में गृहमंत्री प्रीतम सिंह, प्रमुख सचिव डॉ. उमाकांत पंवार, डीजीपी एमए गणपति, आईजी संजय गुंज्याल, जिलाधिकारी रविनाथ रमन, एसएसपी सदानंद दाते आदि उपस्थित थे।