राज्यपाल ने 22 होनहारों को दिया सम्मान।
- फोटो : अमरउजाला
उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में कला, विज्ञान और कामर्स के टॉपर 22 मेधावी छात्र-छात्राओं को राज्यपाल डॉ. केके पाल ने गवर्नर्स अवार्ड से सम्मानित किया। शत प्रतिशत परिणाम देने वाले तीन विद्यालयों के प्रधानाचार्यों का भी सम्मान किया गया।
राज्यपाल ने कहा कि अगले सत्र से अवार्ड की धनराशि दोगुनी की जाएगी। अभी प्रथम आने वाले छात्र को पांच, द्वितीय आने वाले छात्र को तीन और तृतीय स्थान पाने वाले छात्र को दो हजार की धनराशि दी जाती है।
शुक्रवार को राजभवन में आयोजित सम्मान समारोह में राज्यपाल डॉ. कृष्ण कांत पाल ने कहा कि बच्चों की सफलता के पीछे उनकी कड़ी मेहनत, लगन एवं शिक्षकों का प्रेरक व सफल मार्गदर्शन है। आज के आधुनिक युग में समाज के प्रत्येक क्षेत्र में नित नए बदलाव हो रहे हैं। अपेक्षाएं भी तेजी से बदल रही हैं।
स्वाभाविक रूप से विद्यार्थियों पर भी अच्छे नंबर लाने या अच्छे ग्रेड में सफल होने का दबाव लगातार बढ़ रहा है। लेकिन केवल अच्छे अंक प्राप्त करना ही काफी नहीं है, बल्कि उससे भी ज्यादा जरूरी है अपनी क्षमताएं, विशेषताओं को पहचाना और उन्हें निखारने की कोशिश कर सही दिशा में आगे बढ़ना। उन्होंने बच्चों को अंग्रेजी के साथ ही कंप्यूटर, शार्ट हैंड और टाइपिंग का ज्ञान बढ़ाने पर जोर दिया।
शिक्षा में हमारे गांव बढ़ रहे हैं आगेः सीएम
गवर्नर्स अवार्ड
- फोटो : अमरउजाला
विशिष्ट अतिथि मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि बागेश्वर, पिथौरागढ़ और पौड़ी जिले के स्कूलों के उत्कृष्ट प्रदर्शन से स्पष्ट है कि राज्य में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार हुआ है और हमारे गांव आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी स्तरों पर शिक्षकों की कमी को दूर किया जाएगा। सीएम ने कहा कि राज्य में 600 मॉडल स्कूल चिह्नित किए गए हैं। माध्यमिक स्तर पर प्रधानाचार्यों की कमी काफी हद तक दूर हुई है।
शिक्षा मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी ने कहा कि राज्यपाल की गवर्नर्स अवार्ड शुरू करने की प्रेरणादायक पहल से परीक्षा परिणाम बेहतर दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने राज्यपाल से अवार्ड की धनराशि बढ़ाने का अनुरोध किया। अपर सचिव शिक्षा रंजना वर्मा ने परीक्षा परिणाम में लगातार सुधार का उल्लेख करते हुए कहा कि भविष्य में सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को और बेहतर शिक्षा व परिवेश देने का प्रयास किया जाएगा।
समारोह में शिक्षा निदेशक राकेश कुंवर, प्रधानाचार्य एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष एसएस बिष्ट, शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष राम सिंह चौहान, महामंत्री सोहन माजिला आदि मौजूद रहे। संचालन सहायक परियोजना निदेशक मोहन बिष्ट ने किया।
राज्यपाल ने दिए छात्रों को टिप्स, इन मेधावियों का सम्मान
उत्तराखंड बोर्ड इंटरमीडिएट टॉपर प्रियंका (बाएं) हाईस्कूल टॉपर प्रशंसा (दाएं)
- फोटो : amar ujala
राज्यपाल ने कहा कि छुट्टियों में छात्र स्वच्छता मिशन से जुड़ें और स्वच्छता एवं पानी की उपयोगिता के प्रति लोगों को जागरूक करने का प्रयास करें।
उमंग, उत्साह और ऊर्जा के स्रोतों से जुड़ें
राज्यपाल ने कहा कि छात्र उमंग, उत्साह और ऊर्जा के स्रोतों से जुड़ें, चाहे वे व्यक्ति विशेष के रूप में हों या पुस्तकों के रूप में। पढ़ने की आदत, ज्ञान वृद्धि, मन की एकाग्रता और सकारात्मक सोच सामाजिक जीवन की समृद्धि एवं चारित्रिक विकास में मददगार होती है।
इन स्कूलों का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
समारोह में प्रदेश में सर्वश्रेष्ठ परीक्षा परिणाम देने वाले जीआईसी रतिरकेटी बागेश्वर, जीआईसी हचिला पिथौरागढ़ और जीआईसी धूमाकोट पौड़ी के प्रिंसिपलों को लाइब्रेरी के लिए मेरिट के आधार पर 50 हजार रुपये, 30 हजार रुपये एवं 20 हजार रुपये धनराशि का ड्राफ्ट दिया गया।
इन मेधावियों का हुआ सम्मान
इंटर टॉपर प्रियंका भट्ट, हाईस्कूल टॉपर प्रशंसा पोखरियाल, विशाल शर्मा, कैलाश चंद्र सुनोरी, कैलाश चंद्र सेमवाल, शिवानी पुरोहित, प्रयाग यादव, भावना, सार्थक धूलिया, सरनदीप सिंह, दीपक भट्ट, धीरेंद्र सिंह रावत, विजय लक्ष्मी गोस्वामी, रीना, शिवम अग्रवाल, मोहित कुमार, अशीष कुमार अग्रवाल, रेशमा, निकिता, रियांशी रावत, प्रभाकर सिंह परमार, विपुल वर्मा को पुरस्कृत किया गया।